PM मोदी ने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का किया शुभारंभ
नई विधानसभा और ट्राइबल म्यूजियम का लोकार्पण, भावुक हुए प्रधानमंत्री
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के रजत महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नई विधानसभा भवन और ट्राइबल म्यूजियम का लोकार्पण किया। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री ने इसे “स्वर्णिम शुरुआत का दिन” बताया और कहा कि “यह मेरे लिए आत्मीय जुड़ाव का क्षण है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में याद किया कि एक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ में लंबे समय तक कार्य किया और इस धरती से बहुत कुछ सीखा। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ की यह भूमि मेरे लिए कर्मभूमि भी रही है और सीखने की भूमि भी।”
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2025 भारत के गणतंत्र का अमृत वर्ष है — 75 वर्ष पूर्व देश ने संविधान को अपनाया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर छेदीलाल, किशोरीमोहन त्रिपाठी, रामप्रसाद पोटाय और रघुराज जी को श्रद्धांजलि दी और संत गुरु घासीदास को भी नमन किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने नवा रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल पहुंचकर उन 2,500 बच्चों से मुलाकात की, जिनकी हृदय सर्जरी इस संस्थान में नि:शुल्क की गई थी। भावुक पल में उन्होंने एक बच्चे को गले भी लगाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार पद्म विभूषण तीजन बाई और वरिष्ठ लेखक पद्म भूषण विनोद कुमार शुक्ल का हालचाल भी जाना।
रजत महोत्सव के इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ की नई यात्रा की नींव रखी है — एक ऐसे राज्य की, जो अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छूने की दिशा में अग्रसर है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8191294
Total views : 8226711