उत्तम नगर में आग का तांडव, 400 झुग्गियां जलकर राख

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के Uttam Nagar के Matiala इलाके में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते करीब 400 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे मटियाला की मच्छी मार्किट के पास बनी झुग्गियों में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से आसपास की झुग्गियों में फैल गई। आग इतनी तेज थी कि धुएं का गुबार और लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे आसमान लाल नजर आने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में कुछ झुग्गियों से धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। झुग्गियां एक-दूसरे के बेहद करीब होने के कारण आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन कई परिवार अपना जरूरी सामान भी नहीं बचा पाए और सब कुछ जलकर राख हो गया।

घटना की सूचना रात 11 बजकर 54 मिनट पर फायर कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए करीब 25 दमकल गाड़ियों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तड़के करीब 3 बजकर 25 मिनट पर आग पर काबू पा लिया।

बताया जा रहा है कि इस भीषण आग में करीब 400 झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment