जामुल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹1 लाख नकद, 16 मोबाइल और लैपटॉप जब्त; रोजाना लाखों के लेन-देन का खुलासा
दुर्ग। जिले की जामुल पुलिस ने संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख नगद, 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना जामुल क्षेत्र के सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 में एक किराए के मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। इसके लिए वे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को जोड़ते थे और उन्हें सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराते थे।
गिरोह द्वारा अवैध लेन-देन को छिपाने के लिए कई सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में प्रतिदिन 3 से 7 लाख रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है, जबकि कुल कारोबार करोड़ों में होने की आशंका है।
इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं 6, 7 और 8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में पोषण निषाद, योगेश कुमार विश्वकर्मा, गौरव तिवारी, संजय कुमार जायसवाल, चुनेश निषाद, विक्रम सिंह उर्फ विक्की और उदल हमणे शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह में कार्यों का स्पष्ट बंटवारा था और तकनीकी रूप से बाहरी लोगों द्वारा भी संचालन नियंत्रित किया जा रहा था।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8170809
Total views : 8199234