जगदलपुर: नक्सल प्रभावित बस्तर से एक बड़ा और निर्णायक संदेश सामने आया है। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने साफ शब्दों में ऐलान किया है कि आने वाले समय में नक्सल एनकाउंटर के दौरान किसी भी जवान को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए नई, अत्याधुनिक और सटीक रणनीति पूरी तरह तैयार कर ली गई है।
शनिवार को आयोजित पत्रवार्ता में आईजी सुंदरराज पी ने वर्ष 2026 को लेकर सुरक्षा बलों की दिशा और दशा दोनों बदलने वाला फैसला सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में जवानों ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है, लेकिन अब लक्ष्य सिर्फ नक्सलियों को खत्म करना नहीं, बल्कि हर जवान को सुरक्षित घर लौटाना भी है।
224 बेगुनाहों की हत्या, नक्सलियों की बौखलाहट उजागर
आईजी ने बीते 5 वर्षों का आंकड़ा जारी करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों की बढ़ती सफलता से नक्सली पूरी तरह बौखला चुके हैं। इसी हताशा में नक्सलियों ने पिछले पांच सालों में करीब 224 निर्दोष आम नागरिकों की हत्या की है।
उन्होंने इसे कायराना हरकत बताते हुए कहा कि अब नक्सलियों की बची-खुची ताकत भी ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगी।
शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, बदलेगी लड़ाई की तस्वीर
आईजी सुंदरराज पी ने बीते वर्षों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भावुक शब्दों में कहा कि,
“हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। अब ऐसी रणनीति बनाई गई है, जिसमें जवानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब हर ऑपरेशन से पहले इंटेलिजेंस, टेक्नोलॉजी और ग्राउंड प्लानिंग का ऐसा तालमेल होगा, जिससे जवानों को नुकसान की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी।
नक्सलियों का मनोबल टूटा, बड़ी संख्या में सरेंडर
आईजी ने बताया कि शासन की नीतियों और लगातार दबाव का असर अब साफ दिख रहा है—
-
वर्ष 2025 में 1573 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
-
वर्ष 2024 में 792 नक्सलियों ने हथियार डाले
-
17 अक्टूबर 2025 को अकेले 210 नक्सलियों ने लाल गलियारा छोड़ मुख्यधारा में वापसी की
इसके अलावा बीते 5 वर्षों में 58 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे नक्सल प्रभावित इलाकों में शासन की पकड़ और मजबूत हुई है।
जल्द नक्सल मुक्त होगा बस्तर
आईजी सुंदरराज पी ने भरोसे के साथ कहा कि अब नक्सलियों की बची हुई टीम को भी जल्द खत्म किया जाएगा और बस्तर को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाया जाएगा।
उनका यह बयान न सिर्फ सुरक्षा बलों के मनोबल को ऊंचा करता है, बल्कि यह भी साफ करता है कि 2026 बस्तर के लिए निर्णायक साल साबित होने वाला है।
👉 नक्सलियों पर आखिरी प्रहार की तैयारी पूरी है… अब लड़ाई होगी ऐसी, जिसमें दुश्मन बचेगा नहीं और जवानों को खरोंच तक नहीं आएगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8145783
Total views : 8160380