रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित जरवाय श्मशान घाट से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अंतिम संस्कार के बाद अस्थि-संग्रह के लिए पहुंचे परिजनों को चिता स्थल पर शव का सिर नहीं मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जरवाय निवासी शेखर यादव का हाल ही में विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया था। परंपरा के अनुसार अगले दिन परिजन अस्थियां एकत्र करने श्मशान घाट पहुंचे, लेकिन वहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। परिजनों का दावा है कि चिता स्थल पर शव का सिर गायब था।
परिवार का यह भी कहना है कि चिता के आसपास नींबू, सिंदूर और अन्य सामग्री बिखरी हुई थी, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर तांत्रिक क्रियाओं में किया जाता है। इस आधार पर परिजन किसी तांत्रिक गतिविधि या शरारती तत्वों की संलिप्तता की आशंका जता रहे हैं।
मामले को और संदिग्ध तब माना गया जब श्मशान परिसर के भीतर एक लावारिस बाइक भी खड़ी मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक किसकी है और कब से वहां मौजूद है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर श्मशान घाट के कर्मचारियों व स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल, इस रहस्यमयी घटना ने शहर में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8159207
Total views : 8181848