Mumbai Weather Prediction: भारी बारिश से मुंबई की रफ्तार पड़ी धीमी, लोकल ट्रेन और सड़कों पर गाड़ियां थमीं

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

Mumbai Weather Forecast: मुंबईकरों के लिए लगातार हो रही बारिश मुसीबत बनती जा रही. क्योंकि आर्थिक राजधानी कही जाने वाली सिटी मुंबई में गुरुवार को एक और दिन लगातार बारिश हुई. इसे देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया.

इससे पहले रात भर हुई बारिश की वजह से कुर्ला, लालबाग, भायखला, सीएसएमटी और नरीमन पॉइंट सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया.

मुंबई लोकल पर बारिश का असर

भारी बारिश के कारण मुंबई का उपनगरीय रेल नेटवर्क प्रभावित हुआ है. कम्यूट ऐप एम-इंडिकेटर के मुताबिक सेंट्रल और हार्बर लाइनों पर 10-15 मिनट की देरी हुई. हालांकि पश्चिमी रेलवे की सर्विसेज समय पर चल रही हैं, लेकिन मध्य रेलवे ने अभी तक आधिकारिक तौर पर व्यवधानों की पुष्टि नहीं की है.

मुंबई ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मिलिंद नगर जेवीएलआर रोड (एमआईडीसी) पर एक ट्रक और एक टेम्पो के बीच दुर्घटना के कारण दक्षिणी दिशा में यातायात बाधित हुआ. मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया कि मिलिंद नगर जेवीएलआर रोड (एमआईडीसी) साउथ बाउंड पर ट्रक और टेम्पो दुर्घटना के कारण ट्रैफिक की गति धीमी है.

आईएमडी ने दिन के बाकी समय के लिए आमतौर पर बादल छाए रहने और अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है. साथ ही तापमान में थोड़ी गिरावट के साथ लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी है, जिसमें निवासियों को स्थानीय बाढ़ के जोखिमों के बीच सतर्क रहने का आग्रह किया गया है.

कोंकण सेक्टर में ऑरेंज अलर्ट

इस बीच कोंकण क्षेत्र, जिसमें रायगढ़ और रत्नागिरी शामिल हैं, को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है. यह आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार आने वाले घंटों में बहुत भारी बारिश का संकेत देता है. दोपहर तक जलभराव से संबंधित कोई बड़ी समस्या नहीं आई, लेकिन अधिकारियों ने यात्रियों को सावधानीपूर्वक मार्गों की योजना बनाने की सलाह दी है. बारिश से शुक्रवार तक थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. वीकेंड में रुक-रुक कर बारिश होने से पहले मध्यम बारिश का अनुमान है.

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment