15 टन से अधिक कोयला जब्त, फर्जी GST बिल गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दुर्ग, 5 जून। दुर्ग पुलिस ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.530 टन कोयला जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त कोयले की कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में तीन मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार क्षेत्र में विजय कुमार केसरवानी द्वारा भारी मात्रा में कोयले का अवैध भंडारण कर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना खुर्सीपार और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दबिश देकर कोयला, कांटा-तराजू और संबंधित दस्तावेज बरामद किए।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कोयले के वैध होने संबंधी GST बिल और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए, लेकिन पुलिस ने दस्तावेजों का गहन सत्यापन कराया। जांच में GST बिल, परिवहन दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड फर्जी एवं कूटरचित पाए गए। इसके बाद पुलिस ने डिजिटल भुगतान, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की, जिसमें फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले राजकुमार मिश्रा और उसके सहयोगी सुनील शर्मा की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने विजय कुमार केसरवानी (48), राजकुमार मिश्रा (46) और सुनील शर्मा (50) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(4), 336(3) एवं 340(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि जब्त कोयले के वास्तविक स्रोत, स्वामित्व और संभावित चोरी या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंध की जांच जारी है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment