MGU के कुलपति बर्खास्त : भर्ती में किया था घोटाला, राज्यपाल ने कर दी सेवा समाप्त

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में राज्यपाल ने महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति को बर्खास्त कर दिया है। विश्वविद्यालय में फर्जी भर्ती करने को लेकर उनकी सेवा समाप्त की गई है। इस संबंध में राजभवन से आदेश जारी कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुलपति कुरील के खिलाफ भर्ती घोटाले का आरोप लगा था। जिसको लेकर राज्‍यपाल से शिकायत की गई थी। राज्‍यपाल ने एक्शन लेते हुए गड़बड़ी की जांच के लिए तीन कुलपतियों की जांच कमिटी बनाई थी। इसमें कृषि विवि के कुलपति गिरीश चंदेल, पत्रकारिता विवि के कुलपति बलदेव शर्मा और सुंदरलाल मुक्त विवि के कुलपति वंशगोपाल सिंह मेम्बर थे। इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर राज्‍यपाल ने कुलपति को बर्खास्‍त करने का आदेश जारी किया है।

राजभवन ने जारी किया आदेश 

राजभवन द्वारा आदेश में लिखा है कि, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की धारा 17 के अंतर्गत माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, पाटन, दुर्ग द्वारा डॉ. राम शंकर कुरील को महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, पाटन, दुर्ग के कुलपति के पद से तत्काल प्रभाव से हटाये जाने का आदेश दिया जाता है। वहीं महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की धारा 14(7) अंतर्गत संभागायुक्त, रायपुर संभाग, रायपुर को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, पाटन, दुर्ग के कुलपति के रुप में दायित्व निवर्हन हेतु नामनिर्देशित किया गया है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment