फ्रांस, जापान, सऊदी अरब और श्रीलंका समेत कई देशों ने भारत को गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुनियाभर से बधाई संदेशों का तांता लगा रहा। सोमवार को जब देश संविधान लागू होने का उत्सव मना रहा था, तब फ्रांस, जापान, सऊदी अरब, श्रीलंका, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, इजरायल, फिनलैंड और सिंगापुर समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और राजनयिक मिशनों ने भारत को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “2024 के गणतंत्र दिवस की शानदार यादें हमारे साथ हैं। मेरे प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के प्यारे दोस्तों को इस खास मौके पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। फरवरी में मिलकर हमारी साझेदारी को और मजबूत करेंगे।”

भारत में फ्रांस के दूतावास ने भी ईयू नेताओं की मौजूदगी को लेकर खुशी जताते हुए साझा भविष्य में शांति और खुशहाली के लिए सहयोग की बात कही। वहीं, भारत में सिंगापुर के हाई कमिश्नर साइमन वोंग ने भारतवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए निरंतर प्रगति की कामना की।

भारत में आयरिश राजदूत केविन केली और आयरलैंड दूतावास ने भारत की लोकतांत्रिक भावना, विविधता और साझा मूल्यों की सराहना की। इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने भी भारत-इजरायल की मजबूत दोस्ती और साझा मूल्यों पर आधारित रिश्तों को आगे बढ़ाने की बात कही।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने को गर्व का क्षण बताया और इसे भारत के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्सव करार दिया। उन्होंने भारतीय आसमान में अमेरिकी विमानों की उड़ान को भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक बताया।

जापान के राजदूत ओनो केइची ने भारत के लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत की समृद्ध और विविध संस्कृति की सराहना की। ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने भी विशेष वीडियो संदेश के जरिए हिंदी, बंगाली और मराठी जैसी भाषाओं में शुभकामनाएं दीं।

श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने भारत सरकार और जनता को 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी और दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत होने की कामना की। इसके अलावा फिनलैंड और सऊदी अरब के दूतावासों ने भी भारत को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर विकास और खुशहाली की कामना की।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment