सुबह भोर में छापेमारी, 6 लीटर महुआ शराब जब्त, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
रायगढ़: जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम टेका में भोर के समय सघन रेड कार्रवाई करते हुए 6 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज को ग्राम टेका के कुधरीपारा क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री की विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम का गठन कर 14 दिसंबर 2025 की सुबह भोर में मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी गई।
रेड के दौरान पुलिस ने संदेही महिला कमला निषाद के घर की तलाशी ली। पूछताछ के दौरान महिला आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने अपने घर में अवैध महुआ शराब रखना स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी ने अपने घर के आंगन से करीब 6 लीटर महुआ शराब निकालकर पुलिस के समक्ष पेश की।
पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। आरोपी की पहचान कमला निषाद पति रामप्यारी निषाद, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम टेका कुधरीपारा, थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है। उसे धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारण सामाजिक अपराध, घरेलू हिंसा और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाएं बढ़ती हैं, इसलिए इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक संदीप कौशिक, चूड़ामणि गुप्ता, सुरेन्द्र भगत एवं महिला आरक्षक सुकृता कर्ष की सराहनीय भूमिका रही।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155717
Total views : 8176200