रायगढ़ में अवैध कोयला उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 60 टन कोयला और मशीन जब्त

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायगढ़: जिले में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समरसुता नाला क्षेत्र में दबिश दी और लगभग 60 टन अवैध रूप से उत्खनित कोयला तथा एक चैन माउंटेड मशीन जब्त की। कार्रवाई जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में पुलिस बल और ग्रामीणों की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिससे अवैध खनन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, समरसुता नाला क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन की सूचना मिलने पर खनिज एवं वन विभाग ने तत्काल संयुक्त टीम गठित कर छापामार कार्रवाई की। मौके पर जांच के दौरान बिना वैध अनुमति के कोयला उत्खनन किए जाने के स्पष्ट प्रमाण मिले। बड़ी मात्रा में संचित कोयला जब्त कर लिया गया।

मशीन जब्त, आरोपी फरार

वन मंडलाधिकारी धरमजयगढ़ ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर खनिज विभाग, वन विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान एक चैन माउंटेड मशीन जब्त की गई, जिसकी पहचान XCMG कंपनी के मॉडल एक्सई 210आई के रूप में हुई। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही अवैध उत्खनन में संलिप्त आरोपी मौके से फरार हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

वन अपराध प्रकरण दर्ज

संयुक्त कार्रवाई के दौरान जब्त 60 टन कोयला खनिज विभाग ने अपने कब्जे में लिया, जबकि मशीन को वन विभाग ने जब्त किया। दोनों को विधिवत थाना प्रभारी के सुपुर्द कर आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वन विभाग ने प्रकरण में वन अपराध दर्ज कर मशीन के राजसात की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की प्रारंभिक सूचना न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी न्यायालय को भी प्रेषित कर दी गई है।

वन मंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने कहा कि वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन रोकने के लिए सतत गश्ती और निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार संवेदनशील इलाकों में निगरानी तंत्र और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment