लखनऊ: उत्तर प्रदेश ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दम पर विकास के लगभग हर क्षेत्र में देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाते हुए कई राष्ट्रीय योजनाओं में पहला स्थान प्राप्त किया है। इससे यह स्पष्ट हुआ है कि योजनाएं अब कागजों तक सीमित न रहकर जमीन पर उतारी जा रही हैं।
आवास, कृषि, उद्योग, इन्फ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, डिजिटल गवर्नेंस और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ उपस्थिति दर्ज कराई है। कारोबारी सहूलियत (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) के मामले में भी प्रदेश ‘टॉप अचीवर्स स्टेट’ की श्रेणी में शामिल है।
आवास और सामाजिक सुरक्षा में रिकॉर्ड उपलब्धि
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के तहत आवास निर्माण में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा है। पिछले पौने नौ वर्षों में लगभग 62 लाख परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, अटल पेंशन योजना में पंजीकरण के मामले में भी प्रदेश शीर्ष पर रहा, जिससे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा तेजी से बढ़ा है।
एमएसएमई और रोजगार पर फोकस
औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को मजबूती दी है। देश में सर्वाधिक 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों की स्थापना उत्तर प्रदेश में हो चुकी है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हुआ है। स्थानीय उत्पादन और स्वरोजगार को बढ़ावा देना सरकार की प्रमुख रणनीति रही है।
कृषि में अग्रणी भूमिका
कृषि क्षेत्र में भी प्रदेश की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। गन्ना, चीनी, खाद्यान्न, आम, दूध और आलू के उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। कृषि निवेश पर मिलने वाली अनुदान राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। इस व्यवस्था को लागू करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का विस्तार
प्रदेश में 7 एक्सप्रेस-वे और 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे क्रियाशील हैं, जबकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट निर्माणाधीन है। बेहतर सड़क और हवाई संपर्क से निवेश और पर्यटन को नई गति मिली है।
स्वच्छता, ऊर्जा और डिजिटल गवर्नेंस में नई मिसाल
ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरण में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा है। डिजिटल गवर्नेंस के तहत जीईएम पोर्टल से सर्वाधिक सरकारी खरीद, एनपीएस ट्रेडर्स के अंतर्गत कामगार पंजीकरण में भी प्रदेश अग्रणी रहा है।
शिक्षा, कौशल और एथेनॉल में भी बढ़त
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की कार्ययोजना और कौशल विकास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है। एथेनॉल उत्पादन और आपूर्ति में भी प्रदेश देश में पहले पायदान पर है।
कुल मिलाकर, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मजबूत नेतृत्व के चलते उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
Author: Deepak Mittal









