LIC Bima Sakhi Yojana: महिलाओं के लिए कमाई का सुनहरा मौका, हर महीने ₹7000 तक की तय आय

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिना निवेश मिलेगी ट्रेनिंग और मासिक स्टाइपेंड, हजारों महिलाओं ने किया आवेदन

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (LIC) ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। LIC बीमा सखी योजना के जरिए महिलाओं को न सिर्फ रोजगार का अवसर मिल रहा है, बल्कि हर महीने ₹7000 तक की सुनिश्चित आय भी दी जा रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और LIC की सेवाओं को ग्रामीण व दूर-दराज़ के इलाकों तक पहुंचाना है।

ट्रेनिंग के साथ तय मासिक आय

केंद्र सरकार के सहयोग से दिसंबर 2024 में शुरू की गई इस योजना के तहत चयनित महिलाओं को LIC एजेंट के रूप में प्रशिक्षित किया जाता है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें मासिक स्टाइपेंड दिया जाता है।

  • पहले वर्ष: ₹7,000 प्रति माह

  • दूसरे वर्ष: ₹6,000 प्रति माह

  • तीसरे वर्ष: ₹5,000 प्रति माह

इसके अलावा, टारगेट पूरा करने पर कमीशन और इंसेंटिव भी मिलेगा, जिससे कुल कमाई और बढ़ सकती है।

लॉन्च होते ही सुपरहिट योजना

बीमा सखी योजना को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। लॉन्च के पहले ही महीने में 50,000 से ज्यादा महिलाओं ने इसमें रजिस्ट्रेशन कराया। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए यह योजना आजीविका का मजबूत साधन बनकर उभर रही है।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह आसान

इस योजना में आवेदन की प्रक्रिया बेहद सरल और ऑनलाइन है। इच्छुक महिलाएं LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर या नजदीकी LIC शाखा में संपर्क कर आवेदन कर सकती हैं।

आवश्यक दस्तावेज़

  • आयु प्रमाण पत्र

  • निवास प्रमाण पत्र

  • 10वीं पास का सर्टिफिकेट (अटेस्टेड कॉपी)

गलत जानकारी या दस्तावेज़ों में गड़बड़ी होने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।

कौन नहीं कर सकता आवेदन

  • LIC के वर्तमान कर्मचारी या एजेंट

  • उनके परिवार के सदस्य (पति/पत्नी, माता-पिता, बच्चे, भाई-बहन)

  • रिटायर्ड LIC कर्मचारी और पूर्व एजेंट

आवेदन के लिए आयु सीमा 18 से 70 वर्ष तय की गई है।

क्यों खास है बीमा सखी योजना

LIC की यह योजना सिर्फ आय का साधन नहीं, बल्कि महिलाओं को प्रशिक्षण, आत्मविश्वास और वित्तीय स्वतंत्रता देने की पहल है। साथ ही, इससे बीमा सेवाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। महिलाओं के लिए यह योजना रोजगार और सम्मानजनक कमाई का मजबूत विकल्प बनकर सामने आई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment