कांकेर: धर्म परिवर्तन के आरोप में तीन परिवार गांव से निकाले गए, 13 लोग बेघर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कांकेर: जिले के अमाबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत अलनार गांव में धर्म परिवर्तन को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। जानकारी के अनुसार, गांव के लोगों ने कथित तौर पर धर्म बदलने के आरोप में तीन परिवारों को गांव से बाहर निकाल दिया, जिससे उनके कुल 13 सदस्य बेघर हो गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मामला उस समय सामने आया जब इन परिवारों ने गांव में आयोजित ‘माता पहुंचानी’ कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने कथित रूप से उनके घरों से सामान बाहर निकाल दिया और तीनों मकानों पर ताले जड़ दिए।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद प्रभावित परिवारों को गांव छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनके पास रहने के लिए कोई ठिकाना नहीं बचा, जिसके चलते वे जंगल और आसपास के इलाकों में भटकने को मजबूर हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन या पुलिस की ओर से इस मामले में किसी आधिकारिक कार्रवाई या बयान की पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment