जशपुर: बेटे को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश, पिता समेत तीन गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जशपुर: जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जमीन बिक्री में हिस्सेदारी की रकम मांगने पर पिता ने अपने ही बेटे को पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। इस वारदात में मां और भाई पर भी साथ देने का आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मामले में 25 वर्षीय प्रार्थिया कामना भगत (पत्नी कोशल राम) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, दो वर्ष पूर्व ससुर शिवशंकर यादव ने जमीन की बिक्री की थी। उसके पति कोशल यादव (30) द्वारा अपने हिस्से की राशि मांगने पर परिवार में विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि इससे नाराज होकर ससुर शिवशंकर यादव, सास चन्द्रमुनी भगत और देवर अंकुश भगत ने मिलकर कोशल यादव के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान शिवशंकर यादव ने कथित रूप से बेटे पर पेट्रोल छिड़क कर माचिस जला दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment