मुंबई में अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो विदेशी महिलाएं रेस्क्यू

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मुंबई: Mumbai Police ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंधेरी पूर्व स्थित एक होटल में चल रहे अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने युगांडा की दो महिलाओं को रेस्क्यू किया है, जिन्हें नौकरी का झांसा देकर भारत लाकर जबरन देह व्यापार में धकेले जाने का आरोप है।

यह कार्रवाई Andheri East के एके रोड स्थित होटल विला पैलेस में की गई। पुलिस के मुताबिक, सांताक्रूज पुलिस स्टेशन की एक महिला अधिकारी को होटल में संदिग्ध गतिविधियों की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

नौकरी के बहाने भारत लाई गई थीं महिलाएं

जांच में पता चला कि 30 और 36 वर्षीय दोनों युगांडाई महिलाओं को रोजगार दिलाने के नाम पर भारत लाया गया था। बाद में उन्हें होटल में ही ठहराकर ग्राहकों के लिए मजबूर किया गया। पीड़िताओं की आवाजाही पर सख्त पाबंदी थी और उन्हें बाहरी दुनिया से अलग-थलग रखा गया था।

केन्याई महिला मुख्य कड़ी

पुलिस के अनुसार, केन्या की नागरिक जैस्मिन इस रैकेट की अहम कड़ी है। उसने महिलाओं को मुंबई लाने, उनके ठहरने और ग्राहकों की व्यवस्था करने में प्रमुख भूमिका निभाई। फिलहाल जैस्मिन फरार है और उसकी तलाश जारी है।

होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई

छापेमारी के दौरान होटल मैनेजर विवेककुमार वैद्यनाथ यादव (26) और हाउसकीपिंग स्टाफ के अनिल कुमार जोकू पुष्पाकर (24), धीरज मधुकर जावले (35) और महेश राजपाल राजवरिया (45) को गिरफ्तार किया गया। वहीं होटल मालिक अक्षय दिलीप शेडगे भी फरार बताया जा रहा है।

जांच में विदेशी नागरिकों से जुड़े नियमों के गंभीर उल्लंघन सामने आए हैं। होटल प्रबंधन ने न तो विदेशी मेहमानों का सही रिकॉर्ड रखा और न ही अनिवार्य सी-फॉर्म जमा किया। होटल रजिस्टर में महिलाओं का नाम दर्ज न होना साजिश और सबूत छिपाने की ओर इशारा करता है।

बड़े नेटवर्क की आशंका

पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और उनकी गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक होटल तक सीमित नहीं हो सकता। अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे और खुलासे व गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment