अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस: सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के खिले चेहरे…..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली

मुंगेली – अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर आज जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में दिव्यांगजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर राहुल देव, पुलिस अधीक्षक  भोजराम पटेल, जनपद पंचायत मुंगेली के उपाध्यक्ष  पवन पाण्डेय, गणमान्य नागरिक  शिवकुमार बंजारा ने 12 दिव्यांगजनों को ट्रायसाइकिल, 03 को श्रवण यंत्र और 02 को बैसाखी एवं व्हीलचेयर प्रदान किया और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। सहायक उपकरण मिलने से सभी दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। 

*दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने प्रशासन प्रतिबद्ध – कलेक्टर*

            कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगजनों को जानने, समझने और उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस मनाया जाता है। शासन द्वारा दिव्यांगजनों को विभिन्न सुविधाएं दी जाती है। आप सभी आत्मसम्मान के साथ जीवन जीएं, इसके लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अपने आपको कभी कम नहीं आंकें। अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रयास करें। आप लोग विलक्षण प्रतिभा के धनी है। समाज में आप लोगों को महती भूमिका है। कलेक्टर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और अधिवक्ता संघ को दिव्यांगजनों को जरूरत पड़ने पर लीगल एडवाइजर के रूप में सहयोग करने की अपील की।

*दिव्यांगजन मेहनत कर कई क्षेत्रों में बढ़ सकते हैं आगे – पुलिस अधीक्षक*

          पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दिव्यांगजनों में अद्भुत क्षमता होती है, वे यदि थोड़ा मेहनत करें, तो कई क्षेत्र में आगे बढ़ सकते है। उन्होंने कई दिव्यांगजनों का उदाहरण दिया और उनसे प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ने प्रोत्साहित किया। जनपद उपाध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि आज सभी दिव्यांग भाई-बहनों का सम्मान करने का दिन है। दिव्यांगजनों के प्रति अपने सद्भाव, प्रेम और उनका उत्साह को बढ़ाने का दिन है। कार्यक्रम को गणमान्य नागरिक श्री बंजारा ने भी संबोधित किया। उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ना है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर गिरधारी लाल यादव, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, संबंधित अधिकारी सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment