नई दिल्ली: भारत ने थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में हुए भीषण ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को बयान जारी कर थाईलैंड के लोगों और वहां की सरकार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, “14 जनवरी 2026 को थाईलैंड के नाखोन रत्चासिमा में हुए ट्रेन हादसे में हुई दुखद मौतों और घायलों की खबर से हम अत्यंत दुखी हैं। दुख की इस घड़ी में थाईलैंड के लोगों और सरकार के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हैं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, नाखोन रत्चासिमा प्रांत में एक पैसेंजर ट्रेन पर कंस्ट्रक्शन क्रेन गिरने से ट्रेन पटरी से उतर गई। इस हादसे में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 70 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
नाखोन रत्चासिमा के गवर्नर चाइवात चुएनकोसुम ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि हादसे के बाद मलबा हटाने और रेलवे ट्रैक को सामान्य संचालन में लाने में लगभग सात दिन लग सकते हैं। वहीं, दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, थाईलैंड के डिप्टी प्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री फिफात रत्चाकितप्राकर्न ने अधिकारियों को हादसे की पारदर्शी और गहन जांच करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए हैं।
थाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संबंधित रेलवे सेक्शन का मुख्य ठेकेदार इटैलियन-थाई डेवलपमेंट PLC है। कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि वह हादसे में प्रभावित लोगों को मुआवजा देने और घायलों के इलाज से जुड़ी पूरी जिम्मेदारी निभाएगी।
Author: Deepak Mittal









