नई दिल्ली: ई-कॉमर्स कंपनी Meesho को आयकर विभाग की ओर से ब्याज समेत करीब 1,500 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स डिमांड नोटिस मिला है। कंपनी ने बताया कि वह इस नोटिस को कानूनी रूप से चुनौती देने की तैयारी कर रही है।
कंपनी की हालिया फाइलिंग के अनुसार, 6 मार्च को असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए यह नोटिस जारी किया गया, जिसमें ब्याज समेत कुल 14,99,73,82,840 रुपये की टैक्स डिमांड की गई है। फाइलिंग में कहा गया है कि यह डिमांड कंपनी की बताई गई आय में कुछ बढ़ोतरी और एडजस्टमेंट के आधार पर तय की गई है।
मीशो ने कहा कि वह अभी असेसमेंट ऑर्डर की समीक्षा कर रही है और उसमें किए गए ऑब्जर्वेशन और एडजस्टमेंट से सहमत नहीं है। कंपनी का मानना है कि उसके पास इसे चुनौती देने के लिए पर्याप्त कानूनी और तथ्यात्मक आधार मौजूद हैं और वह अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगी।
कंपनी ने यह भी बताया कि असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए भी इसी तरह का डिमांड ऑर्डर जारी हुआ था। इस मामले में Karnataka High Court ने 17 अप्रैल 2025 को अंतरिम रोक लगा दी थी और मामला अभी लंबित है।
फाइलिंग के मुताबिक, इस डिमांड नोटिस का कंपनी की वित्तीय स्थिति, संचालन या अन्य गतिविधियों पर फिलहाल कोई बड़ा नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वहीं कंपनी ने दिसंबर 2025 में समाप्त तीसरी तिमाही में 490.6 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया है, जो पिछले साल इसी अवधि के 37.43 करोड़ रुपये के नुकसान से काफी अधिक है। कंपनी के अनुसार, त्योहारों के मौसम में खर्चों में भारी बढ़ोतरी इसकी मुख्य वजह रही।
इस तिमाही में कंपनी का कुल खर्च करीब 4,071 करोड़ रुपये रहा, जिसमें से लगभग 3,821.3 करोड़ रुपये “अन्य खर्च” की श्रेणी में शामिल हैं। हालांकि, कंपनी के ऑपरेशन से होने वाले राजस्व में 31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 3,517.5 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 2,678.64 करोड़ रुपये था।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164673
Total views : 8190310