देवांगन समाज में भारी आक्रोश — खबर का असर, नगर पालिका सीएमओ पहुंचे माता परमेश्वरी चौक

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

माता परमेश्वरी चौक के कार्य को दिया जाएगा प्राथमिकता, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य -सीएमओ होरी सिंह

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111

मुंगेली-शहर के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था स्थल माता परमेश्वरी चौक के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं होने से देवांगन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों ने नगर पालिका की निष्क्रियता और उदासीन रवैये पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो समाज आंदोलन की राह पकड़ेगा।


देवांगन समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि चौक निर्माण की मांग विगत कई वर्षों से की जा रही है। समाज ने कई बार नगर पालिका प्रशासन को आवेदन सौंपे, परंतु आज तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। शहर के अन्य चौक-चौराहों पर तो तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, किंतु माता परमेश्वरी चौक को बार-बार उपेक्षित रखा गया है।


समाज जिलाध्यक्ष अधिवक्ता आनंद देवांगन ने कहा कि “माता परमेश्वरी चौक हमारी आस्था का केंद्र है। नगर पालिका का यह रवैया समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। अब यह केवल निर्माण का नहीं, बल्कि समाज के सम्मान का प्रश्न बन चुका है। हम सभी चाहते हैं कि यह कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ हो।”
देवांगन ने कहा कि यदि अब भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो समाज आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा, जिसमें नगर पालिका कार्यालय का घेराव, धरना एवं तालाबंदी जैसे चरणबद्ध आंदोलन शामिल होंगे।

खबर का असर — नगर पालिका ने दिखाई सक्रियता, सीएमओ पहुंचे निरीक्षण को

देवांगन समाज के आक्रोश और मीडिया में मामला उठने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर स्वयं माता परमेश्वरी चौक पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने कहा कि “चौक निर्माण कार्य को लेकर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृतियां जल्द पूरी कर ली है” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नगर पालिका समाज की भावनाओं का सम्मान करती है और यह कार्य प्राथमिकता में रहेगा।

वार्ड पार्षद ने जताई नाराज़गी, कहा – समय पर नहीं हो रहा कार्य

स्थानीय वार्ड पार्षद ने भी नगर पालिका की धीमी कार्यप्रणाली पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि “माता परमेश्वरी चौक क्षेत्र के विकास का प्रतीक है। कई बार इस विषय को सभा में उठाया गया, परंतु फाइलों में मामला अटका रहा। अब जनता की भावनाओं को देखते हुए यह काम तत्काल शुरू होना चाहिए।”

देवांगन समाज की एकजुटता से बनी प्रशासन पर दबाव की स्थिति

समाज के युवाओं और महिला मंडल ने भी एक स्वर में कहा कि अब विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माता परमेश्वरी चौक पर होने वाले कार्यक्रम न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़े हैं। देवांगन समाज के सभी सदस्य एकजुट होकर इस आंदोलन को आगे बढ़ाने तैयार हैं। अध्यक्ष आनंद देवांगन ने पुनः दोहराया कि “अब यह काम रुकने वाला नहीं है, नगर पालिका ने स्वयं आश्वासन दिया है कि शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा। समाज को अब ठोस परिणाम चाहिए, केवल वादे नहीं।”

नगर पालिका सीईओ ने कहा – जल्द ही दिखाई देगा परिणाम

नगर पालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि “माता परमेश्वरी चौक का निर्माण कार्य अब प्राथमिकता सूची में है। फंडिंग और स्वीकृति प्रक्रिया पूरी होते ही ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। समाज को आश्वस्त करते हैं कि अब देरी नहीं होगी।”

शहरवासियों में उम्मीद की नई किरण

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब नगर के लोगों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से लंबित माता परमेश्वरी चौक का निर्माण कार्य आखिरकार आरंभ होगा। यह केवल देवांगन समाज ही नहीं, बल्कि पूरे शहर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक स्थल है, जिसका निर्माण सभी के लिए गर्व का विषय होगा। इस दौरान नगर पालिका के विभिन्न वार्ड निमेश देवांगन, नारद देवांगन, रोशन सोनी, सत्तू सिंह ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु देवांगन, सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन सहित वरिष्ठजन मौजूद रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *