दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, पिकअप में लगी आग से तीन की जिंदा जलकर मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

राजस्थान के अलवर जिले में ट्रक से टकराते ही आग का गोला बनी पिकअप, चालक गंभीर रूप से झुलसा

अलवर: दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान के अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली से जयपुर जा रही एक पिकअप वाहन ट्रक से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद पिकअप में भीषण आग लग गई, जिससे वाहन कुछ ही पलों में आग का गोला बन गया। हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 131.5 के पास हुई। पिकअप जैसे ही आगे चल रहे ट्रक से टकराई, चिंगारी उठी और देखते ही देखते वाहन में आग फैल गई। पिकअप में कुल चार लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को रैणी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी मोहित, मध्य प्रदेश के सागर निवासी दीपेंद्र और पदम के रूप में हुई है। वहीं घायल चालक की पहचान हरियाणा के झज्जर निवासी हन्नी के रूप में हुई है। तीनों मृतकों के शव रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment