आरंग–पारागांव के पास भीषण सड़क हादसा, मुरूम लोड ट्रक ने कुचला; 3 की मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: नेशनल हाईवे-53 एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बना। शुक्रवार सुबह पारागांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में बिखर गए। मृतकों में मंगलू जलक्षत्री और उनका 6 वर्षीय मासूम बेटा तिलक भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरंग थाना क्षेत्र के बागेश्वर पारा निवासी श्रवण जलक्षत्री (40 वर्ष), मंगलू जलक्षत्री (28 वर्ष) और तिलक जलक्षत्री (6 वर्ष) शुक्रवार तड़के महानदी में मछली पकड़ने के लिए एक ही मोटरसाइकिल से निकले थे। निसदा मोड़ के बाद उनकी बाइक रांग साइड से होते हुए महानदी पुल की ओर बढ़ रही थी।

इसी दौरान महासमुंद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा मुरूम से भरा हाइवा वाहन सामने से मोटरसाइकिल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एकत्र कर पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्चुरी भिजवाया। पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए नाकाबंदी कर दी गई है।

हादसे की खबर मिलते ही बागेश्वर पारा में मातम पसर गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम तिलक की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-53 पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *