भोपाल: बैरसिया इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल रोड पर पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी पीड़ित विदिशा जिले के सिरोंज निवासी बताए जा रहे हैं, जो मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए सिरोंज से होशंगाबाद जा रहे थे। इसी दौरान बैरसिया के पास यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर शव बिखर गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के चलते भोपाल रोड पर कुछ समय के लिए लंबा जाम भी लग गया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह सेन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण पिकअप वाहन की तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
Author: Deepak Mittal









