जालंधर में दिल दहला देने वाली घटना: नशे में धुत पिता ने 5 साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जालंधर: पंजाब के जालंधर से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नशे के आदी पिता ने अपनी 5 साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बच्ची का कसूर सिर्फ इतना था कि वह भूख के कारण लगातार रो रही थी, जिसे पिता बर्दाश्त नहीं कर पाया।

यह घटना जालंधर के दूरदर्शन एन्क्लेव इलाके की है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ का निवासी और दिहाड़ी मजदूर है। फिलहाल वह परिवार के साथ जालंधर में रह रहा था।

मृत बच्ची के चाचा हिम्मत कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। शिकायत में बताया गया है कि अरविंदर सिंह नशे का आदी था और अक्सर शराब के नशे में रहता था। परिवार आर्थिक तंगी और घरेलू तनाव से गुजर रहा था।

घटना के वक्त घर पर अकेले थे पिता-बेटी
जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी को बच्ची की मां काम पर गई हुई थी और घर पर सिर्फ आरोपी और बच्ची निहारिका मौजूद थी। दोपहर करीब 2:30 बजे बच्ची भूख के कारण रोने लगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी उस समय शराब पी रहा था और उसने बच्ची को चुप कराने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर आरोपी ने पहले बच्ची के साथ मारपीट की और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मां का रो-रोकर बुरा हाल
जब बच्ची की मां काम से लौटी और अपनी इकलौती संतान की मौत की खबर मिली, तो वह बेसुध हो गई। घर में मातम पसरा हुआ है और पूरा इलाका सदमे में है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर बच्चों के खिलाफ बढ़ती हिंसा और नशे की लत से उपजे खतरनाक परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *