बिलासपुर: शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब तिफरा सब्जी मंडी के पास झाड़ियों में एक युवक की अधजली लाश मिली। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों से धुआं उठते देखा, तो मौके पर पहुंचकर शव पड़ा पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की बेरहमी से हत्या कर सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की गई है।
मौके से पुलिस ने कुछ कपड़ों के टुकड़े, जले हुए सामान और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
घटना स्थल के आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इंदिरा सेतु पुल के नीचे नदी में भी एक अधजली लाश बरामद हुई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने बिलासपुर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8216754
Total views : 8258688