रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: पोते ने दादी से दुष्कर्म के बाद की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

राजगढ़ (एमपी): मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक जघन्य घटना सामने आई है। भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाटाखेड़ी में एक युवक ने अपनी ही दादी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे ने बताया कि बुधवार सुबह डायल-112 पर सूचना मिली थी कि घाटाखेड़ी गांव में एक बुजुर्ग महिला को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

प्राथमिक जांच में फरियादी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उसके खेत के पास पप्पू पिता कालूसिंह भील के खेत में खाने-पीने की पार्टी चल रही थी। फरियादी अपनी बुजुर्ग मां को कांकरिया वाले खेत पर बनी टापरी में अकेला छोड़कर पार्टी में शामिल हो गया था। पार्टी में रामनिवास पिता रायसिंह, पप्पू पिता कालूसिंह और सुनील पिता मानसिंह मौजूद थे। कुछ देर बाद रामनिवास बिना बताए वहां से चला गया।

रात में पार्टी खत्म होने के बाद फरियादी अपने आम वाले खेत पर सो गया। सुबह जब वह टापरी पर पहुंचा तो उसकी मां वहां नहीं मिली। तलाश करने पर पास के गेहूं के खेत में वह गंभीर हालत में पड़ी मिली। उसके मुंह और नाक से खून बह रहा था और जबड़े पर चोट के निशान थे। घटनास्थल के पास रामनिवास के कपड़े भी पड़े मिले।

पुलिस जांच में ग्रामीणों ने बताया कि घटना की रात आरोपी नग्न अवस्था में घर पहुंचा था और उसके शरीर पर खून के निशान थे। इसके बाद वह कपड़े बदलकर गांव से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन, काले रंग का लोअर, लाल रंग का अंडरवियर और खून से सनी शर्ट बरामद की, जिन्हें आरोपी ने झाड़ियों में छिपा दिया था।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामनिवास पिता रायसिंह भील निवासी घाटाखेड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि वह लंबे समय से अपनी दादी पर बुरी नजर रखता था।

आरोपी ने 3 मार्च को योजना बनाकर एक मुर्गा खरीदा और मुर्गा पार्टी के बहाने बुजुर्ग के बेटे को खेत में बुला लिया। इसके बाद वह चुपचाप टापरी पर पहुंचा, जहां बुजुर्ग अकेली थी। आरोपी ने उसे बाहर बुलाकर पास के गेहूं के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment