नई दिल्ली/सीकर: राजस्थान के सीकर जिले में शनिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 6 बजकर 32 मिनट पर आए झटकों के बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
भूकंप के झटके धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी मंदिर, पलसाना, धींगपुर और आसपास के इलाकों में महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी झटकों के दौरान कंपन की आवाज रिकॉर्ड हुई है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, 7 मार्च 2026 को सुबह 6:32:59 बजे भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जयपुर से करीब 69 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में था। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। कम गहराई होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में हल्के झटके महसूस हुए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घरों में हल्की कंपन महसूस हुई और खिड़कियां-दरवाजे हिलने लगे। झटके बहुत कम समय के लिए रहे, इसलिए दहशत की स्थिति नहीं बनी।
दांतारामगढ़ और खाटू क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार झटके हल्के थे और श्रद्धालुओं के लिए खाटूश्यामजी मंदिर पूरी तरह सुरक्षित है। मंदिर में दर्शन की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्थानीय पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुराने भवनों और कच्चे मकानों की जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचाव किया जा सके।
गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2025 को भी खाटूश्यामजी और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। लगातार आ रहे इन झटकों ने भूगर्भ वैज्ञानिकों का ध्यान इस क्षेत्र की ओर खींचा है।
इस बीच खाटूश्यामजी में एक युवक ने अपने मोबाइल से पंखे के हिलने का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि अरावली पर्वतमाला के नजदीक स्थित इस क्षेत्र में भूमिगत हलचल बढ़ने के कारण बार-बार कंपन महसूस किए जा रहे हैं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8183586
Total views : 8216156