
निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111
मुंगेली। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती महोत्सव 2025 के तहत विकासखंड पथरिया में विकासखंड स्तरीय पशु मेला एवं प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक गौपूजन के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आर.एम. त्रिपाठी, उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग मुंगेली ने पशु मेला एवं प्रदर्शनी के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन पशुपालन को बढ़ावा देने और किसानों को नवीन तकनीकों से जोड़ने का एक प्रमुख माध्यम है। इसी क्रम में डॉ. एस.एम. पाण्डेय, अतिरिक्त उप संचालक, डॉ. आर.बी. गौतम तथा डॉ. के.पी. मरावी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पशुपालन योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। इन योजनाओं में सब्सिडी पर पशु खरीद, चारा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया।प्रदर्शनी में उन्नत नस्ल के पशुओं और पक्षियों की शानदार प्रदर्शनी की गई, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इन पुरस्कारों ने उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रोत्साहित किया और समुदाय में पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाई।इस अवसर पर सभापति जिला पंचायत अनिला देवेंद्र राजपूत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पशुपालन क्षेत्र में किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में रिंकू सिंह ठाकुर, सभापति जनपद पंचायत पथरिया, विजय चेलकर, जनपद सदस्य पथरिया तथा ग्राम पंचायत सिलदहा, बेलखुरी, कलारजेवरा, सेंदरी एवं मोहभठ्ठा के सरपंचों सहित 250 से अधिक पशुपालक उपस्थित रहे। आयोजन ने स्थानीय स्तर पर पशुपालन की संभावनाओं को नई दिशा प्रदान की।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8183049
Total views : 8215424