मुंगेली में रजत जयंती राज्योत्सव का भव्य समापन: सम्मान, संस्कृति और विकास की चमकदार झलकियां

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111

मुंगेली: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में मुंगेली के वीर धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य समापन हुआ। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले इस उत्सव में विधायक पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोहले ने कहा कि 01 नवंबर 2000 को स्थापित राज्य अब 25 वर्षों के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इन वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास और पेयजल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। नवोदित राज्य से अब सूर्योदय की तरह चमकते छत्तीसगढ़ ने खनिज और वन संसाधनों के साथ सांस्कृतिक गौरव को भी मजबूत किया है।

मुंगेली जिले ने 2012 में अपनी स्थापना के बाद विकास के नए कीर्तिमान गढ़े हैं, जिससे स्थानीय समस्याओं का समाधान आसान हुआ और सुदूर वनांचलों तक विकास पहुंचा है।कलेक्टर कुंदन कुमार ने संबोधन में राज्य की 25 वर्षीय यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा तैयारी के दौरान छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक समृद्धि से उनका लगाव हो गया था। अब 15 वर्षों की सेवा में वे राज्य की विकास गाथा के साक्षी बने हैं।

मुंगेली में अपार क्षमताओं और प्रतिभा से भरपूर युवाओं को संवारने के लिए शिक्षा सबसे बड़ा माध्यम है। जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल और नवाचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जिला अध्यक्ष दीनानाथ केसरवानी ने भी राज्य स्थापना और जिले के विकास पर बोलते हुए उत्सव की बधाई दी।कार्यक्रम में एडीएम निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, जनप्रतिनिधि गुरमीत सिंह सलूजा सहित गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। मंच संचालन अशोक सोनी और रामपाल ने किया।

जिले की विभूतियों को मिला सम्मान

रजत जयंती समापन में राज्य अलंकरण प्राप्त स्थानीय विभूतियों को सम्मानित किया गया। दानवीर भामाशाह सम्मान भवानी साव और रामलाल साव धर्मार्थ ट्रस्ट के विनय गुप्ता को, दाऊ दुलार सिंह मंदराजी सम्मान रेखा देवार के पुत्र पुरूषोत्तम देवार को, डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान श्रीकांत गोवर्धन को, गुंडाधूर सम्मान रामफूल टोंडर को, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार साधेलाल रात्रे को, गुरु घासीदास सम्मान संत भक्त पंथी कल्याण समिति के प्रीतम कोसले, कमल पाटले और टीकाराम घृतलहरे को, ठाकुर प्यारेलाल सिंह सम्मान जिला सहकारी विपणन संस्था के कनक कुमार राजपूत को, लखन लाल मिश्र सम्मान लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल को, स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसाइटी मुंगेली को, बैडमिंटन खिलाड़ी हर्ष शर्मा को तथा स्व. केदार सिंह परिहार के सुपुत्र हरि ठाकुर को सम्मानित किया गया।विभागीय स्टॉल प्रदर्शन में प्रथम सहकारिता विभाग, द्वितीय पुलिस विभाग और तृतीय जल संसाधन विभाग को पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान दिया गया।

सुनील सोनी के छत्तीसगढ़ी गीतों ने बांधा समां

समापन का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोक गायक सुनील सोनी की प्रस्तुति रही। उनके छत्तीसगढ़ी गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे स्टेडियम में हुजूम उमड़ पड़ा। मुख्य अतिथि विधायक मोहले और सुनील सोनी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *