राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज लोक भवन में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। यह सम्मान समारोह वर्ष 2024 एवं 2025 के टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों और विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के टॉप-01 विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित इस प्रतिभा सम्मान समारोह में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं जीवन के लक्ष्यों की ओर बढ़ने की पहली सीढ़ी होती हैं। आपने एक पड़ाव पार किया है और अब अगले लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह सम्मान न केवल विद्यार्थियों को नई ऊर्जा देता है, बल्कि अन्य छात्रों को भी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है और अब शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से धैर्य, मौलिकता और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी देश और प्रदेश का भविष्य हैं। आज मिली सफलता के पीछे शिक्षकों और माता-पिता का आशीर्वाद है। उन्होंने सभी प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन और बसंत पंचमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पर सदैव मां सरस्वती का आशीर्वाद बना रहे।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि सत्र 2024 और 2025 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के कुल 239 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप मेडल, प्रशस्ति पत्र और प्रत्येक विद्यार्थी को 1.50 लाख रुपये की राशि सीधे उनके खाते में प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रोत्साहन से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और अन्य छात्र भी प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम में वर्ष 2024 के 110 और वर्ष 2025 के 129 टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को सिल्वर मेडल प्रदान किया गया। इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment