भिलाई: दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक खातों के माध्यम से ठगी की रकम खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और सुपेला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 26 प्रकरणों से जुड़े संदिग्ध खातों का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान म्यूल अकाउंट संचालित करने वाले आरोपी सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, साइबर सेल ने जिले में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों की समीक्षा के दौरान पाया कि ठगी की रकम अलग-अलग बैंकों के खातों में जमा की जा रही थी और बाद में चेक व अन्य बैंकिंग माध्यमों से निकाली जा रही थी। विशेष अभियान के तहत गठित टीम ने 6 खाताधारकों की पहचान कर उनसे पूछताछ की।
जांच में खुलासा हुआ कि एक बैंक खाता 26 अलग-अलग शिकायतों से जुड़ा हुआ है। वहीं, एक अन्य खाते में 13 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। इसके अलावा 15 हजार, 38 हजार 800 रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन भी सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम निकालने, आगे ट्रांसफर करने या नकद निकासी के लिए किया जा रहा था। जांच के दायरे में आए खाताधारकों में रूपेश बंजारे, आजेंद्र साहू, जावेद शेख, सरस्वती निषाद, हेमा बिनानी और अभिषेक गुप्ता (सभी निवासी दुर्ग) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित बैंक खातों के दस्तावेज, चेक और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त कर लिए गए हैं। कुछ मामलों में पहले से अपराध दर्ज हैं, जबकि अन्य मामलों में नए प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155711
Total views : 8176192