रांची: चार दिन पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी शख्स की लाश फंदे से लटकी हुई हालत में बरामद की गई है। मृतक की पहचान तौकिर अंसारी के रूप में हुई है, जो डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोली वारिस चौक इलाके का निवासी था। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 24 जनवरी की दोपहर तौकिर अंसारी ने अपनी पत्नी तरन्नुम परवीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। इस मामले में मृतका के भाई मो. मोजाहिद की शिकायत पर डोरंडा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
प्राथमिकी के अनुसार, 24 जनवरी को तौकिर की चाची ने फोन कर मोजाहिद को तरन्नुम की हत्या की सूचना दी थी। जब वह बहन के घर पहुंचे तो भांजे अरहाम ने बताया कि उसके पिता ने मां के सिर में गोली मारी और बाद में शव को बिस्तर पर लिटाकर हाथ में बंदूक रख दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि तौकिर अंसारी लंबे समय से अपनी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।
बताया जा रहा है कि तौकिर का किसी अन्य महिला से कथित संबंध था, जिसका तरन्नुम परवीन विरोध करती थी। इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस मामले में तौकिर के साथ-साथ उस महिला को भी नामजद आरोपी बनाया गया था।
इसी बीच मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तौकिर अंसारी की लाश फंदे से लटकी हुई मिली है। डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8168947
Total views : 8196791