नक्सली संगठन के पूर्व सदस्य गिरफ्तार, जंगल में छिपाए हथियार और विस्फोटक बरामद

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बीजापुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत बासागुड़ा थाना पुलिस और DRG की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल में सर्चिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसकी पहचान बोगम लखमू (39), निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बोगम लखमू ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने की बात स्वीकार की। वह नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक को जंगल में छिपाने का काम करता था। पूछताछ के आधार पर आरोपी ने पुलिस टीम को नक्सल सामग्री के छिपाए गए डंप का स्थान बताया।

पुलिस ने बताए गए स्थान पर तलाशी ली, जहां से 50 हजार 50 रुपये नकद, एक BGL लॉन्चर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, एक INSAS खाली मैगजीन, बिजली वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया गया।

बरामद सामग्री को विधिवत सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment