ताजा खबर

दिल्ली में नरेला के शनि बाजार में जनता फ्लैट की छत गिरने से घर में लगी आग, 4 बच्चों समेत परिवार के 6 लोग झुलसे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में दो मंजिला मकान की छत गिरने के बाद लगी आग में एक परिवार के छह लोग झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना शनि बाजार इलाके में सुबह करीब सात बजे उस समय हुई, जब परिवार के लोग कथित तौर पर खाना बना रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आग लगने के कारण परिवार के सदस्य झुलस गए।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया, ”हमें सुबह सात बजकर 53 मिनट पर नरेला के शनि बाजार इलाके में आग लगने और इमारत गिरने की सूचना मिली। दमकल की दो गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।” उन्होंने बताया कि डीडीए जनता फ्लैट की छत गिरने से पीएनजी गैस की पाइप लाइन टूट गई और आग लग गई, जो पूरे घर में फैल गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजू (40), उनकी पत्नी राजेश्वरी (35), बेटा राहुल (18) और तीन बेटियां मोहिनी (12), वर्षा (पांच) और माही (तीन) रसोई में थे कि तभी छत गिर गई और वे मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले पड़ोसी घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए थे।

अधिकारी ने बताया, ”शुरुआत में हमें एनआईए थाना क्षेत्र में सिलेंडर विस्फोट के बारे में सूचना मिली थी। मामले की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा को दी गई और टीमें मौके पर पहुंच गईं।” उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने शुरू में आशंका जताई थी कि सिलेंडर विस्फोट के कारण यह इमारत ढह गई हालांकि, गहन निरीक्षण के बाद पुष्टि हुई कि कोई विस्फोट नहीं हुआ था।

अधिकारी ने बताया कि घायलों को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि परिवार के सदस्यों को मलबे में दबने से चोट आई और खाना पकाने के दौरान लगी आग से वे झुलस भी गए। चिकित्सकों के अनुसार, राजू 52 प्रतिशत, उनकी पत्नी और बेटा 45 प्रतिशत झुलस गए। उन्होंने बताया कि मोहिनी, वर्षा और माही क्रमश: 50 प्रतिशत, छह प्रतिशत और आठ प्रतिशत झुलसी हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment