कुल्लू: पर्यटन नगरी मनाली में ओल्ड मनाली ब्रिज के पास गुरुवार रात एक चार मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ऊंची लपटें देख स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए।
सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र मनाली की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों को बचा लिया गया।
अग्निशमन केंद्र मनाली के फायर ऑफिसर सरनपत ने बताया कि यह घटना ओल्ड मनाली ब्रिज के पास घटी है। आग की चपेट में आया चार मंजिला मकान सुंदर सिंह पुत्र हीरा लाल का है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
इस हादसे में दो कमरे, रसोई का सामान और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आग से करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8207847
Total views : 8247674