एक्टर रणवीर सिंह के खिलाफ FIR, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बेंगलुरु: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ कर्नाटक पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। उन पर आरोप है कि उन्होंने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के मंच से कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। यह मामला बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस थाने में दर्ज किया गया है, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी जांच शुरू कर दी है।

यह शिकायत बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल ने दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रणवीर सिंह ने मंच पर कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में पूजनीय चावुंडी दैव और पारंपरिक दैव पूजा का अपमान किया। बताया गया है कि अभिनेता ने फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ के एक भावनात्मक दृश्य का मंच पर अभिनय किया, जो चावुंडी दैव के सम्मान से जुड़ा था।

शिकायतकर्ता का दावा है कि रणवीर सिंह से मंच पर यह सीन न करने का अनुरोध किया गया था, इसके बावजूद उन्होंने अभिनय किया और चावुंडी दैव को ‘भूत’ कहकर संबोधित किया। शिकायत में कहा गया है कि चावुंडी दैव दिव्य स्त्री शक्ति के प्रतीक और क्षेत्र के संरक्षक देवता माने जाते हैं, ऐसे में इस तरह का बयान अपमानजनक है।

एफआईआर के अनुसार, रणवीर सिंह पर भारतीय न्याय संहिता की तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, जानबूझकर किसी धर्म या आस्था का अपमान करने और ऐसे शब्दों या हरकतों का उपयोग करने की धाराएं शामिल हैं, जिनसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अभिनेता की यह हरकत जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण थी, जिससे लाखों हिंदू श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में धार्मिक तनाव फैलने का खतरा पैदा हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि चावुंडी दैव उनके परिवार के कुलदेवता हैं और बचपन से वे उनकी पूजा करते आ रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment