वर्दी का खौफ, भरोसे की ठगी! फर्जी CAF आरक्षक बनकर घूमता रहा युवक, नौकरी के नाम पर 2 लाख हड़पे

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

वर्दी का खौफ, भरोसे की ठगी! फर्जी CAF आरक्षक बनकर घूमता रहा युवक, नौकरी के नाम पर 2 लाख हड़पे

कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस वर्दी पहनकर करता था शिकार, जशपुर पुलिस ने बिलासपुर से दबोचा

जशपुर: जिले में खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) का आरक्षक बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पुलिस वर्दी का खौफ दिखाकर दो महिलाओं को झांसे में लिया और 2 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है।

वर्दी पहनकर करता था ठगी

पुलिस के अनुसार आरोपी पुन्नी लाल अनंत (27 वर्ष), निवासी ग्राम टाडा दर्रीकापा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर, जशपुर में किराए के मकान में रह रहा था। वह खुद को CAF का सिपाही बताता था और पुलिस की वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर में घूमता रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान दो महिलाओं से हुई।

नौकरी दिलाने का झांसा, 2 लाख की ठगी

आरोपी ने अपनी कथित पहुंच का हवाला देते हुए मत्स्य विभाग सहित अन्य विभागों में नौकरी लगवाने का दावा किया। इस झांसे में आकर एक महिला से उसने 2 लाख रुपये वसूल लिए।

शिकायत के बाद खुला पूरा खेल

पीड़िता सीमा बाई (39 वर्ष), निवासी झरगांव, चौकी सोनक्यारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया। जांच शुरू होते ही आरोपी फरार हो गया, लेकिन मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया।

दस्तावेज जब्त, अपराध कबूला

पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से शैक्षणिक दस्तावेज, जाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जब्त किए हैं, जो उसने नौकरी दिलाने के नाम पर लिए थे। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है

पुलिस का सख्त संदेश

एएसपी जशपुर अनिल कुमार सोनी ने बताया कि फर्जी वर्दी पहनकर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment