“सात सालों से जारी था डर और दबाव! महिला एसआई का सनसनीखेज आरोप, IPS रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीड़न की जांच शुरू
डिजिटल साक्ष्यों संग सामने आई पीड़िता, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप — 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी पर गंभीर आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में हड़कंप मचाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर एक महिला सब इंस्पेक्टर ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने उच्च पदस्थ अधिकारियों को शिकायत सौंपते हुए कहा है कि डांगी पिछले सात वर्षों से शारीरिक और मानसिक रूप से उत्पीड़न कर रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता के पास डांगी के खिलाफ कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं। उसने 15 अक्टूबर को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें यह बताया कि उनकी मुलाकात साल 2017 में हुई थी, जब रतनलाल डांगी कोरबा एसपी के पद पर तैनात थे। शुरुआत में दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होती थी।
बाद में जब डांगी दंतेवाड़ा में पदस्थ थे, तब पीड़िता उन्हें वीडियो कॉल के माध्यम से योगा सिखाया करती थी। इसके बाद उनके राजनांदगांव और सरगुजा में तबादले के दौरान भी संपर्क बना रहा। महिला अधिकारी का आरोप है कि आईजी सरगुजा बनने के बाद से डांगी का व्यवहार बदल गया और वह उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि बिलासपुर आईजी बनने के बाद डांगी अपनी पत्नी की गैरमौजूदगी में उसे सरकारी बंगले पर बुलाने का दबाव डालते थे। यही नहीं, चंदखुरी प्रशिक्षण अकादमी में तबादले के बाद भी वीडियो कॉल पर उत्पीड़न जारी रहा।
शिकायत में महिला ने कहा कि डांगी सुबह पांच बजे से लेकर रात दस बजे तक वीडियो कॉल पर बात करने का दबाव बनाते थे। वह अब तक इसलिए चुप रही क्योंकि उसे नौकरी पर खतरा और नक्सल प्रभावित इलाकों में तबादले की धमकी दी जाती थी।
वहीं, विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। अगर आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह मामला छत्तीसगढ़ पुलिस इतिहास में सबसे चर्चित प्रकरणों में से एक बन सकता है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155715
Total views : 8176198