धमाका और आग: जेजे कॉलोनी में एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे, महिला की हालत गंभीर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर स्थित जेजे कॉलोनी में एक रिहायशी इमारत में अचानक धमाका होने के बाद आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, कालिंदी कुंज थाना को पीसीआर कॉल के जरिए डीडी नंबर 13ए के तहत सूचना मिली कि एक घर में आग लगी है। शुरुआती तौर पर इसे एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट बताया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक तेज धमाका हुआ और आग फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि गैस लीकेज के कारण विस्फोट हुआ, हालांकि पुलिस का कहना है कि तकनीकी और फोरेंसिक जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

हादसे में 52 वर्षीय जगदीश, उनकी 48 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी और 26 वर्षीय बेटे जोतीश झुलस गए। जगदीश दिहाड़ी मजदूर हैं और राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि उनका बेटा नोएडा के एक सैलून में सहायक के तौर पर कार्यरत है।

घटना के बाद जगदीश और जोतीश को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जबकि लक्ष्मी को एंबुलेंस के जरिए एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। बाद में तीनों को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, जगदीश और जोतीश की हालत स्थिर है, जबकि लक्ष्मी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

मामले की जांच के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को घटनास्थल पर बुलाया गया है। सबूत सुरक्षित रखने के लिए मौके को सील कर दिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

April 2026
S M T W T F S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
2627282930  

Leave a Comment