धमतरी। छत्तीसगढ़ के कथित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग मामले में जांच का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरुवार सुबह धमतरी में कांग्रेस नेता और पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के ठिकाने पर दबिश दी।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे आठ सदस्यीय ED टीम रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित घर पहुंची। टीम के सदस्य घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।

रामगोपाल अग्रवाल कथित शराब घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में जांच के दायरे में हैं। इससे पहले ED ने उन्हें रायपुर केंद्रीय जेल से गिरफ्तार किया था। इसके बाद रायपुर की पीएमएलए अदालत ने उन्हें सात दिन की ED हिरासत में भेजा था।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल से जुड़े कथित शराब घोटाले, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग मामले में जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसी जांच के तहत धमतरी में रामगोपाल अग्रवाल के ठिकाने पर हुई यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिलहाल ED की टीम घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जांच से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
Author: Deepak Mittal









