कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर डंडे से हमला किया और फिर उसका सिर दीवार में पटक दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पसान थाना क्षेत्र के सारिसमार गांव की है।
मिली जानकारी के अनुसार, नन्नू कूजूर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 मार्च 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच वह अपने चाचा राजूलाल कूजूर के घर से खाना खाकर अपने घर लौट गया था। उसी रात राजूलाल कूजूर और उनकी पत्नी उर्मिला बाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के दौरान आरोपी राजूलाल ने लकड़ी के डंडे (बहिंगा) से पत्नी के सिर पर हमला किया और उसका सिर दीवार में पटक दिया। गंभीर चोट लगने से उर्मिला बाई की देर रात करीब 3 बजे मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि 10 मार्च की सुबह करीब 7 बजे आरोपी ने ही घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर नन्नू कूजूर मौके पर पहुंचा, जहां उर्मिला बाई का शव घर में पड़ा मिला। उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि घर की दीवार पर भी खून के धब्बे पाए गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजूलाल कूजूर (37) निवासी सारिसमार के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह होने के कारण डंडे से मारकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165844
Total views : 8191958