सास-बहू के विवाद में पति बना हैवान, कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 यूपी: शहर से सटे प्रेमनगर गांव में शनिवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी नुमा हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मृतका के जेठ और देवर को निगरानी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार प्रेमनगर निवासी विजय कोरी का शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी पत्नी शिवानी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि घर में सास और बहू के बीच कहासुनी चल रही थी, तभी गुस्से में आकर विजय ने टकोरा (कुल्हाड़ी जैसा हथियार) से पत्नी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से शिवानी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।

घटना के बाद परिजन घायल शिवानी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में डॉक्टर प्रदीप राजपूत ने जांच के बाद शिवानी को मृत घोषित कर दिया।

मृतका के जेठ विकास के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हो गई। शिवानी का मायका घसिया चिलौली गांव में है। घटना की सूचना मिलने पर उसके भाई रजत और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे और बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया।

मामले में चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सास-बहू के बीच विवाद की बात सामने आई है। इसी दौरान पति ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर टकोरे से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment