कोरबा, 19 जून 2025।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक दिव्यांग युवक ने ट्रक के नीचे लेटकर आत्महत्या कर ली। यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। मामला बालको थाना क्षेत्र के परसाभाटा बस्ती का है।
12 पहियों के नीचे आया युवक, CCTV ने खोली सच्चाई
मृत युवक की पहचान कन्हैया देवांगन (निवासी: परसाभाटा बस्ती) के रूप में हुई है, जो पैर से दिव्यांग था और बालको स्थित ए.के. सिन्हा कंपनी में हेल्पर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।
घटना 18 जून सुबह की है। शुरू में यह एक दुर्घटना मानी जा रही थी, लेकिन जब परिजनों और पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे CCTV फुटेज को खंगाला तो सच्चाई सामने आई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक जानबूझकर ट्रक के नीचे लेटा, और ट्रक के लगभग 12 पहिए उसके शरीर के ऊपर से गुजर गए।
मौके पर ही दर्दनाक मौत, राहगीर भी रहे बेखबर
वीडियो में यह भी दिख रहा है कि ट्रक गुजरने के बाद युवक कुछ समय तक तड़पता रहा, इस दौरान कई बाइक और साइकिल सवार उसके पास से गुजरे लेकिन किसी ने मदद नहीं की। कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई।
रोज करता था मॉर्निंग वॉक
परिजनों ने बताया कि कन्हैया रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाया करता था। घटना वाले दिन वह सुबह 5:30 बजे घर से निकला था। करीब 6:15 बजे परिजनों को हादसे की सूचना मिली। जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले में CCTV फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन मनोवैज्ञानिक कारणों और पारिवारिक पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156888
Total views : 8178135