नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बुधवार को सदन में चर्चा के बाद मतदान कराया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस मुद्दे पर चर्चा में हिस्सा लेंगे और शाम करीब चार बजे लोकसभा में अपना वक्तव्य दे सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, सरकार की ओर से इस प्रस्ताव पर अनुराग ठाकुर और तेजस्वी सूर्या सदन में पक्ष रखेंगे। चर्चा के अंत में गृह मंत्री अमित शाह सरकार की ओर से जवाब देंगे। इसके बाद अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि सरकार के पास इस प्रस्ताव को खारिज करने के लिए पर्याप्त बहुमत मौजूद है। यदि प्रस्ताव गिर जाता है तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार को सदन में आ सकते हैं। उनका दोपहर करीब 12 बजे सदन में आने का कार्यक्रम है, जिसके बाद वे लगभग 45 मिनट का वक्तव्य देंगे।
लोकसभा अध्यक्ष को हटाने के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा के लिए कुल 10 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि मंगलवार को सदन में केवल 47 मिनट ही चर्चा हो सकी, जबकि लगातार हंगामे के कारण करीब सवा छह घंटे का समय व्यर्थ हो गया।
यह अविश्वास प्रस्ताव कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने पेश किया है, जिस पर विपक्ष के 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही के दौरान पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया है। विपक्ष का कहना है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे असंतोष बढ़ा।
बुधवार सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के बीच शुरू हुई। करीब आधे घंटे प्रश्नकाल चला, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने वेल में आकर नारेबाजी की। प्रश्नकाल बाधित होने पर पीठासीन दिलीप सैकिया ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165709
Total views : 8191719