दिल्ली: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के प्रेम नगर इलाके से चार दिन से लापता चार साल की बच्ची सोमवार को एक नाले में मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने बताया कि बच्ची के लापता होने की रिपोर्ट 9 जनवरी को दर्ज कराई गई थी। किराड़ी निवासी बच्ची की मां ने प्रेम नगर थाने में किडनैपिंग की आशंका जताते हुए शिकायत दी थी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
पुलिस टीमों ने बच्ची की तलाश के लिए टेक्निकल सर्विलांस, स्निफर डॉग्स और ड्रोन की मदद से इलाके के जल स्रोतों और नालों की सघन जांच की। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को भी सूचना दी गई थी।
12 जनवरी को बच्ची के माता-पिता के साथ चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान विद्यापति नगर स्थित ध्रुव पिकेट के पास एक नाले में बच्ची डूबी हुई मिली। बच्ची को उसके माता-पिता ने बाहर निकाला और पहचान की। इसके बाद उसे मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को बाद में मॉर्चरी में सुरक्षित रखा गया।
घटना की सूचना पर रोहिणी से क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में बच्ची के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









