रायपुर में तालाब किनारे पेड़ से लटकी मिली महिला की लाश, इलाके में मची सनसनी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नररैया तालाब परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला की लाश पेड़ से लटकी हुई मिली। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह सुबह गार्डन में टहलने पहुंचे लोगों ने नररैया तालाब के पास एक पेड़ पर महिला का शव लटका देखा। पहले तो लोगों को इस पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन पास जाकर देखने पर महिला की मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

मृत महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। महिला के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि महिला की शिनाख्त की जा सके।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला कब और कैसे इलाके में पहुंची तथा घटना के समय उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment