खेत में मिली अर्धनग्न युवती की लाश का खुलासा: प्रेमी ही निकला हत्यारा, दूसरे लड़कों से बात करने पर की हत्या, भाई भी सह-आरोपी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जांजगीर-चांपा: जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरा गांव के खेत में मिली 21 वर्षीय युवती की अर्धनग्न लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस हत्याकांड में युवती के प्रेमी प्रवीण चंद्रा उर्फ विक्की को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी को फरार होने में मदद करने के आरोप में उसके भाई लव चंद्रा को भी सह-आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पीपरा गांव के एक खेत में युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। मुख्य आरोपी प्रवीण चंद्रा को कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि देर रात वह और युवती खेत में मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान युवती के अन्य लड़कों से बात करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर प्रवीण ने युवती का सिर खेत में जबरदस्ती दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना से पहले उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसमें उसके बड़े भाई लव चंद्रा ने उसे मदद पहुंचाई। इसी आधार पर पुलिस ने लव चंद्रा को भी सह-आरोपी बनाया है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment