दुर्ग: भिलाई शहर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर छोटी पुलिया के पास स्थित नहर में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में एक व्यक्ति को औंधे मुंह पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
फॉरेंसिक टीम भी मौके पर, हर एंगल से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सील किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने नहर और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि मृतक नहर तक कैसे पहुंचा और घटना किन हालात में हुई।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (44 वर्ष) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हादसा, आत्महत्या या साजिश?
फिलहाल पुलिस इस मामले को हर संभावित एंगल से जांच रही है। यह दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर इसके पीछे कोई साजिश, इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर सवालों में घिरे हुए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162733
Total views : 8187268