Dantewada: बिजली गुल कर दादा की हत्या, पोता गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दंतेवाड़ा: जिले के बचेली थाना क्षेत्र में 14 जनवरी 2024 की रात हुए अंधे कत्ल की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। जमीन मुआवजे की रकम हड़पने और फर्जीवाड़े के मामले में फंसने के डर से पोते ने अपने ही दादा की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी राकेश तेलाम (26) को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल गुप्ती बरामद कर ली है।

ऐसे खुला राज

15 जनवरी 2024 को आयतुपारा नेरली निवासी राजू तेलाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इसी दौरान उसकी मां सन्नी तेलामी ने आवाज लगाई कि “तुम्हारे बाबा को कोई मारकर भाग रहा है।”

जब परिवार के लोग बाहर निकले तो पाया कि घर के लकड़ी के गेट को तार से बांधा गया था। पास में भाई भीमा के घर का गेट भी रस्सी से बंधा मिला। किसी तरह गेट खोलकर जब वे बुधरू तेलाम के घर पहुंचे तो वे परछी में खाट पर खून से लथपथ पड़े थे। सिर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मुआवजा बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि ग्राम नेरली की संयुक्त खाते की जमीन, जिसमें बुधरू तेलाम समेत अन्य परिजन खातेदार थे, वर्ष 2023 में NMDC Limited की बैलाडिला से नगरनार तक स्लरी पाइपलाइन, ऑप्टिकल फाइबर केबल और जल पाइपलाइन बिछाने के लिए अधिग्रहित की गई थी।

सितंबर 2023 में जमीन का मुआवजा जारी हुआ था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राकेश तेलाम ने अपने दादा बुधरू, भीमा और जोगा को मृत दर्शाकर चेक हासिल किया और उसे अपने State Bank of India खाते में जमा कर दिया।

जब इस फर्जीवाड़े की जानकारी परिवार को लगी तो राकेश को डर था कि वह कानूनी कार्रवाई में फंस सकता है और बाकी मुआवजा भी हाथ से निकल जाएगा। इसी आशंका में उसने हत्या की साजिश रची।

सुनियोजित तरीके से की वारदात

पुलिस के अनुसार, 14 जनवरी 2024 की रात 11 से 12:30 बजे के बीच राकेश ने पहले मृतक के दोनों बेटों के घर के गेट रस्सी और तार से बांध दिए ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद पास के ट्रांसफार्मर का स्विच निकालकर इलाके की बिजली बंद कर दी।

अंधेरे का फायदा उठाते हुए वह बुधरू तेलाम के घर पहुंचा और सोए हुए अवस्था में गुप्ती से सिर पर 2-3 वार कर हत्या कर फरार हो गया।

2 मार्च 2026 को गिरफ्तारी

लगातार जांच और पतासाजी के बाद 2 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी राकेश तेलाम को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल गुप्ती बरामद की गई।

थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू ने बताया कि आरोपी को सीजेएम न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment