पति की हत्या की साजिश का पर्दाफाश, पत्नी ने 40 हजार में हायर किए सुपारी किलर; चार गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में हुए सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पति की बेरहमी से हत्या करवाने वाली पत्नी, उसके मामा और दो सुपारी किलरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पत्नी ने पति की हत्या के लिए 40 हजार रुपये में सुपारी दी थी। आरोपियों ने पहले युवक को शराब पिलाकर बेहोश किया, फिर तलवार से गला काटकर सिर अलग कर दिया और धड़ को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया।

मामला 11 जनवरी का है, जब सुबह करीब 4:30 बजे ग्राम मजगांव के पास हथबंद–भाटापारा रेलवे लाइन पर एक सिर कटा शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि करीब 30 वर्षीय युवक का शव रेलवे अपलाइन खंभा नंबर 771/23-25 के पास पड़ा था, जिसका सिर गायब था। मृतक ने हल्के नीले रंग की जींस पहनी थी और दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में “G.K. JOSHI” गुदा हुआ था।

थाना हथबंद में मर्ग क्रमांक 03/2026 और अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर साइबर सेल और थाना हथबंद की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। बिना सिर के शव की पहचान पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। करीब 80 पुलिसकर्मियों ने चार किलोमीटर के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया। आसपास के गांवों में पूछताछ, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में शव का हुलिया साझा किया गया, साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण भी किया गया।

लगातार प्रयासों के बाद चार दिन में मृतक की पहचान गैस कुमार जोशी (39 वर्ष), निवासी ग्राम भोथीडीह, जिला बेमेतरा के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और मुखबिर सूचना के आधार पर मृतक की पत्नी कुसुम जोशी, उसके मामा राजेश भारती और दो सुपारी किलर दारासिंह अनंत व करन अनंत को हिरासत में लिया।

कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, मृतक गैस कुमार आए दिन पत्नी से मारपीट और अमानवीय व्यवहार करता था, जिससे परेशान होकर पत्नी कुसुम ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने अपने मामा की मदद से दो सुपारी किलरों को 40 हजार रुपये में हत्या के लिए हायर किया।

योजना के तहत पत्नी गैस कुमार को पार्टी के बहाने अपने मामा के घर ग्राम दरचुरा ले गई, जहां पहले से दोनों सुपारी किलर मौजूद थे। रात में सभी ने मिलकर गैस कुमार को अत्यधिक शराब पिलाई। नशे में बेहोश होने पर उसके साथ मारपीट की गई और फिर कार (CG 22 G 0128) से उसे मजगांव रेलवे लाइन के पास ले जाकर धारदार तलवार से गला काट दिया गया। आरोपियों ने शव का धड़ रेलवे लाइन पर फेंक दिया और सिर को ग्राम डिग्गी में गड्ढा खोदकर दबा दिया। हत्या के बाद पत्नी ने सुपारी किलरों को 40 हजार रुपये का भुगतान किया।

पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त कार, तलवार, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी द्वारा 5,000 रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है। सभी चारों आरोपियों को 17 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *